चंडीगढ़, 13 मार्च
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सभी राजनीतिक दलों के नेता पंजाब आकर पंजाबियों को गुमराह करके अपनी सियासी रोटियां सेंकने में लगे हुए हैं। अरोड़ा ने कहा कि वैसे तो हर राजनीतिक दल और नेता का यह अधिकार है कि वे आएं, पंजाब हमेशा स्वागत करता है, लेकिन पिछले दिनों राहुल गांधी यहां आकर गए, मनरेगा की बात थी, मगर गरीब मजदूरों की बात कितनी की, यह सबके सामने है।
गुरुवार को पंजाब भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अरोड़ा ने कहा कि अब इसी तरह देश के गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को पंजाब आ रहे हैं और अपनी आदत के मुताबिक, जैसे पिछले समय में मोदी साहब और शाह साहब और पूरी बीजेपी जुमले सुनाकर देश के लोगों को गुमराह करती रही है, शायद उसी तरह के जुमले छोड़कर चले जाएंगे। फिर भी उम्मीद है कि पंजाब के प्रति थोड़ी-बहुत गंभीरता और हितैषीपन दिखाते हुए वे पंजाब के हित की कोई बात करके जाएं।