नई दिल्ली, 11 मार्च || बुधवार को निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के चलते सोने और चांदी की कीमतों में थोड़ी नरमी आई, हालांकि अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बने रहने से गिरावट सीमित रही।
एमसीएक्स गोल्ड अप्रैल वायदा सुबह करीब 11:15 बजे इंट्राडे आधार पर 0.52 प्रतिशत गिरकर 1,62,452 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर मई वायदा 1.69 प्रतिशत गिरकर 2,73,150 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।
मुनाफावली की यह गिरावट पिछले सत्र में एमसीएक्स गोल्ड अप्रैल वायदा अनुबंध में लगभग 2 प्रतिशत और सिल्वर मई वायदा में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद हुई।
अमेरिकी डॉलर इंट्राडे आधार पर 0.07 प्रतिशत कमजोर होकर 98.75 सेंट पर आ गया, जिससे अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए डॉलर में मूल्यांकित सोना सस्ता हो गया।