तरनतारन, 5 नवंबर
तरनतारन उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू के चुनाव अभियान को आज उस समय बड़ा बल मिला, जब समूह धर्मी फौजी परिवार वेलफेयर बोर्ड संगठन ने 'आप' को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। यह फैसला 'आप' के वरिष्ठ नेता और हल्का कादियां के इंचार्ज एडवोकेट जगरूप सिंह सेखवां के नेतृत्व में संगठन के नेताओं की मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ हुई एक अहम बैठक के बाद लिया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एडवोकेट जगरूप सिंह सेखवां ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ यह बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। बैठक में संगठन के संरक्षक सविंदर सिंह गिल और अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। एडवोकेट सेखवां ने कहा कि बैठक के दौरान समूह धर्मी फौजी परिवारों को पेश आ रही समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
सेखवां ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संगठन की मांगों को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार धर्मी फौजी परिवारों की भलाई के लिए आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की अन्य जायज मांगों को भी जल्द से जल्द हल कर दिया जाएगा।
एडवोकेट जगरूप सिंह सेखवां ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से मिले इस ठोस भरोसे के बाद, समूह धर्मी फौजी परिवार वेलफेयर बोर्ड संगठन ने तरनतारन उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू को पूरी तरह से खुला समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस समर्थन से 'आप' की जीत और पक्की हो गई है।