नई दिल्ली/नोएडा, 6 मार्च || पिछले कई दिनों से चल रही तेज हवाओं का दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की वायु गुणवत्ता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी यानी येलो ज़ोन में पहुंच गया है। इससे प्रदूषण से काफी राहत मिली है और एनसीआर के लोग स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं। हालांकि, क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जो आने वाले समय में भीषण गर्मी के संकेत दे रहा है।
निगरानी केंद्रों से प्राप्त नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में वायु गुणवत्ता मध्यम स्तर पर दर्ज की गई है। अलीपुर में AQI 155, आनंद विहार में 229, अशोक विहार में 149, आया नगर में 135, बवाना में 160, बुराड़ी क्रॉसिंग पर 132, कैंटोनमेंट क्षेत्र में 140, चांदनी चौक में 181, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 140 और सीआरआरआई मथुरा रोड क्षेत्र में 142 दर्ज किया गया। इनमें से अधिकांश क्षेत्र येलो ज़ोन में आते हैं, हालांकि आनंद विहार और चांदनी चौक जैसे स्थानों पर प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है।
नोएडा के निगरानी केंद्रों की बात करें तो, सेक्टर-125 में AQI 158, सेक्टर-62 में 141, सेक्टर-1 में 160 और सेक्टर-116 में 160 रहा। ये सभी आंकड़े भी मध्यम श्रेणी में आते हैं, जो नोएडा में भी वायु गुणवत्ता में सुधार का संकेत देते हैं।
गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में भी वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। इंदिरापुरम में AQI 155, लोनी में 213, संजय नगर में 173 और वसुंधरा में 159 दर्ज किया गया। इनमें से लोनी में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत अधिक रहा, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह मध्यम श्रेणी में रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के कारण प्रदूषक कणों का जमाव कम हुआ है, जिससे हवा साफ हुई है। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 6 मार्च को अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 7 और 8 मार्च को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।